मुंबई/हरियाणा: हरियाणा के छोरे और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणदीप हुड्डा (49) पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी और अभिनेत्री लिन लैशराम ने 10 मार्च 2026 को एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। अभिनेता ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इस खुशखबरी की पुष्टि की।
डबल सेलिब्रेशन: दादा और पोती का एक ही दिन जन्मदिन
हुड्डा परिवार के लिए यह खुशी दोगुनी हो गई है क्योंकि नन्ही परी का जन्म उसी दिन हुआ है जिस दिन रणदीप के पिता, रणबीर हुड्डा का जन्मदिन होता है। रणदीप ने अपने पिता की गोद में पोती की पहली तस्वीर साझा करते हुए हरियाणवी अंदाज में लिखा, "दादा अर पोती नै जन्मदिन की घणिए बधाई"।
भावुक नोट और पत्नी का शुक्रिया
पिता बनने के बाद रणदीप ने एक इमोशनल नोट भी लिखा। उन्होंने अपनी पत्नी लिन को धन्यवाद देते हुए कहा, "लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए तुम्हारा शुक्रिया। आज जब मैं खुद पिता बना हूं, तो पापा आपके लिए मेरा सम्मान और भी बढ़ गया है"। उन्होंने अपनी पोस्ट का अंत "एक छोटी बच्ची और जीवन भर का प्यार" शब्दों के साथ किया।
प्रशंसकों और सितारों की बधाई
कपल ने नवंबर 2025 में अपनी दूसरी शादी की सालगिरह पर प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। बॉलीवुड हस्तियों और प्रशंसकों ने नए माता-पिता को उनके जीवन के इस नए अध्याय के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।