पीडीडीयू नगर। चंदौली जनपद के पीडीडीयू नगर क्षेत्र में विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय परिसर स्थित एक कमरे में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पंकज चौबे के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज चौबे मुगलसराय नगर स्थित एक अस्पताल में कार्यरत थे। वह शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। महाविद्यालय परिसर के एक कमरे में उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि पंकज मंगलवार की सुबह रोज की तरह घर से अस्पताल में ड्यूटी करने के लिए निकले थे। रात करीब आठ बजे उन्होंने अपनी मां को फोन कर घर आने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। रात में उनके एक मित्र की ओर से परिजनों को बताया गया कि दोस्तों के साथ पार्टी होने के कारण वह देर से आएंगे और सुबह घर पहुंचेंगे।
बुधवार सुबह परिजनों को पंकज की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। जब परिवार के लोग विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय परिसर पहुंचे तो पंकज एक कमरे में बेसुध अवस्था में पड़े मिले। परिजनों के मुताबिक, उनके मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून आने के साथ हाथ पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि जब पंकज ने रात में घर आने की बात कही थी तो आखिर ऐसा क्या हुआ कि अगली सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला? परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने कमरे को सील कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद संबंधित कमरे को बंद कराकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मृतक के पिता के प्रार्थना पत्र के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पंकज चौबे की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अस्पताल में ड्यूटी करने के लिए घर से निकले पंकज आखिर कॉलेज परिसर के कमरे तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।