चहनिया (चंदौली)। क्षेत्र के नदेसर और सलेमपुर मौजा में फसल उपज के सटीक आकलन हेतु धान की फसल का क्रॉप कटिंग (फसल कटाई) प्रयोग सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। यह पूरी प्रक्रिया चहनिया के खंड विकास अधिकारी (BDO) जावेद अख्तर के नेतृत्व में पूरी की गई। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल चंदन यादव के साथ उनके साथी लेखपाल रामजन्म और प्रशांत कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ग्राम सभा के प्रधान शिवकुमार यादव तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे। क्रॉप कटिंग के दौरान राजस्व और विकास विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार खेत के एक चिह्नित हिस्से में धान की कटाई कराई। इसके बाद कटी हुई फसल की मड़ाई और तौल कर प्रति हेक्टेयर औसत पैदावार के आंकड़े दर्ज किए गए।

अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही शासन स्तर पर फसल उत्पादन की रिपोर्ट तैयार की जाती है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को क्षतिपूर्ति का लाभ सुनिश्चित किया जाता है। इस पूरी पारदर्शी प्रक्रिया में ग्राम प्रधान शिवकुमार यादव और ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम का पूरा सहयोग किया।