सैयदराजा विधानसभा में विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
धानापुर। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें जनपद, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाने तथा युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग द्वारा विधानसभा-382 सैयदराजा में विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को अमरवीर इंटर कॉलेज, धानापुर में कराया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक श्री सुशील सिंह, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्री अजय सिंह एवं खंड विकास अधिकारी धानापुर श्री साद अहमद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं ध्वजारोहण कर किया। अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी धानापुर श्री राजन कुमार यादव ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं बुके देकर किया।

मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ी देश का भविष्य हैं और उनमें अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए जीवन में स्वच्छता और खेलकूद को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वालीबाल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, फुटबाल एवं जूडो सहित आठ खेल विधाओं में सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग के बालक-बालिका एवं महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

खेल प्रतियोगिताओं में सीनियर बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में राहुल यादव प्रथम रहे। बालिका वर्ग में चंदा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर दौड़ में दीप कुमार यादव प्रथम, गोला प्रक्षेप में रवि कुमार प्रथम तथा बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में खुशी कुमारी प्रथम रहीं। जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में दामिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग की लंबीकूद में इरफान अली प्रथम रहे। बालिका वर्ग में खुशबू निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालिका वर्ग की लंबीकूद में सृष्टि सिंह प्रथम रहीं। सीनियर बालक वर्ग की लंबीकूद में मुकेश कुमार तथा सब जूनियर बालक वर्ग की लंबीकूद में कमलेश प्रथम रहे। जूनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में रुचि शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री रजनीश कुमार पांडेय, नोडल अधिकारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, विकास खंड सकलडीहा ने किया। इस अवसर पर श्री अनिश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चहनियां, श्री श्वेतांक मिश्रा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सदर, श्री राहुल कुमार वर्मा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चकिया सहित पीआरडी जवान विजय कुमार गौतम, जयप्रकाश भारती, रामनिवास यादव, अब्दुल कादिर, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।