वाराणसी। 22, 23 एवं 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में प्रस्तावित भारत के सबसे बड़े एयर शो को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने नमोघाट, राजघाट एवं भैसासुर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने घाटों पर पैदल भ्रमण कर आमजन के आवागमन मार्ग, प्रवेश एवं निकास प्वाइंट, संभावित भीड़ दबाव वाले स्थानों, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की स्थिति को बारीकी से देखा। एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यापक भीड़ प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।

नमोघाट के आसपास पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा सड़क एवं मार्गों पर वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने से यातायात बाधित न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ के दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग, डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं होल्डिंग एरिया पहले से निर्धारित करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ घाटों पर आपातकालीन मार्ग और इमरजेंसी एग्जिट को सुचारु रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में लोगों को सुरक्षित एवं शीघ्र बाहर निकालने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा करने और मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए, ताकि संभावित कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।