उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। खेतों में पानी भरने से सब्जियों की तुड़ाई ठप हो गई है और सड़कों पर जलभराव के चलते मंडियों तक माल की आवक बुरी तरह प्रभावित हुई है। आपूर्ति घटते ही फुटकर बाजार में सब्जियों के भाव में 10 से लेकर 50 रुपये प्रति किलो तक का भारी उछाल देखने को मिल रहा है।
बाजार में हालात ऐसे हैं कि फल सस्ते और रोजमर्रा के मसाले महंगे साबित हो रहे हैं। बाजार में सेब और अनार जहां 160 से 180 रुपये किलो बिक रहे हैं, वहीं अदरक और हरी धनिया का भाव 200 से 250 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच चुका है। नींबू भी आम आदमी की पहुंच से दूर होता दिख रहा है; थोक में 80 रुपये किलो बिकने वाला नींबू फुटकर में 15 से 20 रुपये प्रति पीस मिल रहा है। टमाटर और प्याज 50 से 60 रुपये, लोबिया 100 से 120 रुपये, भिंडी 80 से 90 रुपये और हरी मिर्च 100 से 110 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।