• पत्राचार कार्यालय
    अजगरा तारगांव चहनिया टांडा कला चंदौली-221115 उत्तर प्रदेश
  • संपादकीय कार्यालय
    भीटारी, लोहता, 221107 वाराणसी उत्तर प्रदेश
  • 9454193605, 7007988527
  • Trending 30 लाख दर्शकों के लिए एयर शो की तैयारी तेज, पुलिस आयुक्त ने घाटों व प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
  • Bade Lal Shukla - 28 Sep 2026

वाराणसी। 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

प्रस्तावित एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान एवं एयरक्राफ्ट करीब 90 मिनट तक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा के दोनों तटों से इस आयोजन को देखने के लिए लगभग 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

पुलिस आयुक्त ने घाटों का पैदल निरीक्षण कर प्रवेश-निकास, दर्शक क्षेत्र, भीड़ के दबाव वाले स्थान और सुरक्षित आवागमन मार्गों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही गंगा के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया। आमजन की सुविधा के लिए पैदल मार्ग, प्रवेश-निकास प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग और आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

एयर शो के दौरान सीसीटीवी, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन मार्ग, इमरजेंसी एग्जिट और त्वरित रिस्पॉन्स व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि एयर शो से पहले सभी व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा के साथ मॉक ड्रिल कराई जाए और सामने आने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए आयोजन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Like This Post? Related Posts
Recent Comments
Leave a Comment