बलिया/रेवती। रेवती थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता एक युवक का शव सेनानी पथ स्थित पुराने कुएं में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान बभनौली विशुनपुरा निवासी 23 वर्षीय संदीप चौहान के रूप में हुई है। संदीप टेंट कारोबारी के यहां मजदूरी का काम करता था। बताया गया कि 23 सितंबर को वह काम के सिलसिले में रेवती आया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। उसकी मां राजमुनी देवी ने संबंधित लोगों से पूछताछ भी की और बाद में पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी।

रविवार को सेनानी पथ के पास स्थित पुराने कुएं से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने कुएं में देखा तो युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान संदीप चौहान के रूप में की।
मृतक की मां ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि संदीप जिस टेंट कारोबारी के यहां काम करता था, उसके बुलाने पर वह रेवती गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण अथवा घटना में किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ बैरिया आलोक गुप्ता के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संदीप चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसने इंटर तक पढ़ाई की थी और परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी करता था। उसके पिता पून्ना चौहान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाए और यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।