जंसा। थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने पहले मकान में लगे चार सीसीटीवी कैमरे उखाड़े और बिजली आपूर्ति बंद करने के बाद पहली मंजिल के शयनकक्ष की खिड़की की ग्रिल कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया। घटना की जानकारी गृहस्वामी को घर लौटने पर हुई।
गृहस्वामी प्रभु राम कनौजिया किसी काम से वसई गए हुए थे। 22 सितंबर की शाम वह बेलौड़ी स्थित अपने घर पहुंचे। मकान में प्रवेश करने पर उन्हें सामान बिखरा मिला और चारों सीसीटीवी कैमरे गायब थे। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने बिजली की आपूर्ति भी काट दी थी। पहली मंजिल के शयनकक्ष की खिड़की की ग्रिल कटर से काटी गई थी।
कमरे में रखा एसी और एलईडी टीवी भी गायब मिला। गृहस्वामी ने बताया कि बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य के लिए शयनकक्ष में 75 हजार रुपये नकद रखे थे, जिसे भी चोर उठा ले गए।