सकलडीहा, चंदौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव के आवास पर युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रभु नारायण यादव ने युवाओं से संवाद करते हुए PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की अवधारणा और समाजवादी पार्टी की नीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

विधायक ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “युवा जोश में होश न खोएं और पूरी ताकत के साथ समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में जुट जाएं।” उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर PDA के संदेश को मजबूत करें और लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि चुनाव से पहले सरकार की ओर से की जा रही घोषणाओं को लेकर समय की उपलब्धता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक है, इसलिए इन घोषणाओं को लेकर जनता के बीच चर्चा हो रही है।
महिलाओं के मुद्दे पर विधायक ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने की बात कही। वहीं युवाओं से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर व्यवस्था को समाप्त कर सेना में पहले की तरह भर्ती व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान विधायक ने युवाओं से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने युवा कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इसके बाद उन्होंने आयोजन में पहुंचे सभी लोगों से भोजन करने के बाद ही जाने का आग्रह किया।
युवा सम्मेलन के जरिए विधायक प्रभु नारायण यादव ने जहां युवाओं से सीधा संवाद किया, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के जमीनी अभियान को गति देने का संदेश भी दिया।