चहनिया चंदौली - बलुआ थाना के अंतर्गत मजिदहा ग्रामसभा स्थित मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को स्विफ्ट कार और स्प्लेंडर बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो बनवासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार चहनिया से मजिदहा ग्रामसभा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया गया।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व प्रधान अतुल सिंह और प्रिंस सिंह ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने सीएमओ से वार्ता कर घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। उधर, पुलिस ने स्विफ्ट कार चालक समेत कार में सवार तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।