चंदौली। जिले के बसारीकपुर गांव में सड़क पर ही मवेशियों को बांधने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर जानवर बांध दिए जाते हैं, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बंधे मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और रात के समय आने-जाने वाले राहगीरों के लिए यह स्थिति किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क आवागमन के लिए होती है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इसका इस्तेमाल मवेशियों को बांधने के लिए किया जा रहा है। इससे रास्ता संकरा हो जाता है और राहगीरों को मजबूरी में वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में जरा सी चूक किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने चंदौली कोतवाली में भी शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी? क्या सार्वजनिक रास्ते पर मवेशियों को बांधने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी या फिर ग्रामीण इसी तरह दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर रहेंगे?
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क पर बांधे जा रहे मवेशियों को हटवाया जाए और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि राहगीरों का आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।